पाकुड़। पाकुड़-रामपुरहाट रेलखंड के नवीनगर स्टेशन के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक रेल हादसे में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। घटना में पति, पत्नी और उनकी छोटी बेटी वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रेन के गुजरने के दौरान परिवार अचानक रेल पटरी पर पहुंच गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों मौके पर ही काल के गाल में समा गए। रेल पुलिस (जीआरपी) ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और मृतकों के शव अपने कब्जे में ले लिए। अधिकारियों ने मृतकों की पहचान चंदन सरदार (35) उनके परिवार की रिम्पा (25) और बेटी अर्पिता के रूप में की है।
रेल अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा मंगलवार रात ईस्टर्न रेलवे के हावड़ा डिवीजन के नवीनगर स्टेशन के पास हुआ। परिवार रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी न्यू जलपाईगुड़ी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी।
महेशपुर-सोनारपाड़ा सड़क हादसा
इसी दिन महेशपुर-सोनारपाड़ा मुख्य सड़क पर सिमपुर गांव के पास दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायल व्यक्तियों में सोयलेन सोरेन (35), अजय माल (19) और उनकी पत्नी दीप्ति भुईमाली (18) शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई कुबेर प्रसाद चौधरी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक जब्त कर ली। अधिकारियों के मुताबिक, दीप्ति की चोट गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि सोयलेन अपनी बेटी को बस में बैठाकर घर लौट रही थी, जबकि अजय अपनी पत्नी के साथ ससुराल जा रहा था। इसी दौरान घुमावदार सड़क पर दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गई और पलट गईं।