भोपाल। उत्तर प्रदेश में बाबा बुलडोजर की प्रगति को देखते हुए मध्य प्रदेश में मामा बुलडोजर की कार्रवाई भी जोरो-शोरों से चल रही है। इसी क्रम में शिवराज सरकार ने डिंडोरी जिले में एक अपराधी का घर जमीदोज कर दिया। इस दौरान एसडीएम बलबीर रमन ने बताया कि अगर कोई जघन्य अपराध करता है तो भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेंगी। 

समाचार एजेंसी एएनआई ने मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में स्थित एक अपराधी के घर का वीडियो साझा किया, जिसे बुलडोजर की मदद से जमीदोज कर दिया गया है। एसडीएम बलबीर रमन ने बताया कि यह आरोपी का घर था, जो अपहरणकर्ता है और अभी तक सामने नहीं आया है। प्रशासन के आदेश के अनुरूप कलेक्टर की मौजूदगी में उनके घर को जमीदोज कर दिया गया है...अगर कोई ऐसा अपराध करता है तो भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

https://twitter.com/ANI_MP_CG_RJ/status/1512348255346397184?t=0eqkk2BAAC_4pUZX0dS6bw&s=19

हाल ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपराधियों को चेतवानी देते हुए कहा था मध्य प्रदेश में मामा का राज है। गुंडे और बदमाश यह न समझें कि कांग्रेस और कमलनाथ की सरकार है। गड़बड़ की तो छोडूंगा नहीं... मामा का बुलडोज़र चला है। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि मध्य प्रदेश के गुंडे और अपराधी सुन लें कि अगर किसी गरीब और कमजोर की तरफ़ हाथ उठाया तो मैं मकान खोदकर मैदान बना दूंगा और किसी भी कीमत पर चैन से नहीं रहने दूंगा। 

बाबा बुलडोजर की भी कार्रवाई जारी

उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी करने के बाद योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई सिर्फ पेशेवर माफिया, अपराधियों के खिलाफ हो और सुनिश्चित किया जाए कि बुलडोजर किसी गरीब की झोपड़ी या दुकान की तरफ ना मुड़े।