मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच शुक्रवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया। ईरान की ओर से कार्रवाई करते हुए अमेरिकी वायुसेना के F-15E लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया गया। इस घटना के बाद विमान में सवार दो पायलटों में से एक को तुरंत सुरक्षित निकाल लिया गया था, जबकि दूसरा पायलट लापता बताया गया था।

लापता पायलट की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अब ताजा जानकारी के अनुसार, दूसरे पायलट को भी बचा लिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि भारी गोलीबारी के बीच बचाव दल ने पायलट तक पहुंचने में सफलता हासिल की। हालांकि अभी उसे पूरी तरह सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंचाया जा सका है।

अधिकारी ने यह भी बताया कि रेस्क्यू टीम को अब भी संघर्ष वाले इलाके से बाहर निकलकर सुरक्षित क्षेत्र में पहुंचना है। इसी वजह से बचाव अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है और टीम पूरी सावधानी के साथ आगे बढ़ रही है।