उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रविवार सुबह हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार यह झटका सुबह 11:47 बजे आया और इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र कपकोट तहसील के कर्मी गांव के पास जमीन के अंदर लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। इस भूकंप से किसी प्रकार की कोई हानि नहीं हुई।
हालांकि यह झटका काफी हल्का था, इसलिए आम लोगों को इसका अनुभव कम ही हुआ और किसी तरह की अफरा-तफरी की स्थिति नहीं बनी। जिले के मुख्यालय और गरुड़, कपकोट, कांडा क्षेत्रों में सभी गतिविधियाँ सामान्य रही।
सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने आवश्यक सतर्कता बरती। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि संवेदनशील इलाकों और सभी तहसीलों से संपर्क कर स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूकंप हल्का होने के कारण किसी भी जगह किसी प्रकार का नुकसान या दरारें दर्ज नहीं हुई हैं।