मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के परिवार में एक बार फिर खुशियों का जश्न मनाया गया। हाल ही में उनके छोटे बेटे की सगाई भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में एक सादगीपूर्ण समारोह में हुई। यह आयोजन पारिवारिक और सीमित दायरे में रखा गया, जिसमें केवल बेहद करीबी सदस्य ही शामिल थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनके परिवार का दूसरा बड़ा निजी समारोह रहा।
मुख्यमंत्री के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव की सगाई खरगौन के सेल्दा निवासी दिनेश यादव की बेटी डॉ. इशिता से परिवार के सदस्यों एवं करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में सम्पन्न हुई।
पहले उनके बड़े बेटे वैभव की शादी भी एक साधारण और पारिवारिक समारोह के रूप में संपन्न हुई थी। अब उनके छोटे बेटे की सगाई भी इसी तरह के शांतिपूर्ण माहौल में हुई। डॉ. अभिमन्यु एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त करने के बाद पीजी की पढ़ाई कर रहे हैं।
इस खास मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, दिल्ली के विधायक सतीश उपाध्याय, मध्य प्रदेश भाजपा प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित कई बड़े नेता उपस्थित रहे और जोड़े को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। सरकारी जिम्मेदारियों के बीच यह पारिवारिक आयोजन मुख्यमंत्री के लिए एक भावनात्मक पल साबित हुआ, जिसमें परिवार की सरलता और परंपराओं के प्रति उनकी आस्था झलकती रही। इस सादगी को राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय माना गया।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सीमा यादव के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके बड़े बेटे और पुत्री की शादी पहले ही हो चुकी है। डॉ. अभिमन्यु यादव, जो मास्टर्स इन सर्जरी कर रहे हैं, एक होनहार चिकित्सक और समाजसेवी हैं, जबकि डॉ. इशिता भी चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी हैं। दोनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अर्चना के बाद एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर नई जिंदगी की शुरुआत की।