इंदौर के हीरा नगर क्षेत्र में धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए रहवासियों ने कुछ लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया। इनमें चार महिलाएं भी शामिल है। उन पर आरोप लगाया कि वे घरों में जाकर धार्मिक पुस्तकें बांट रहे थे और प्रार्थना करा रहे थे। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए थाने बैठाया है।
पुलिस के अनुसार सुख्लिया ग्राम चौराहे के एक मकान में ईसाई परिवार सामुहिक प्रार्थना कर रहे थे। इसके अलावा कुछ लोग धार्मिक पुस्तक आसपास के घरों में बांटने लगे। इसका कुछ रहवासियों ने विरोध किया और उन्होंने पुलिस को मौके पर बुला लिया। जिस घर में प्रार्थना हो रही थी। वहां कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि उन लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। जिस घर में प्रार्थना का आयोजन किया गया था। वह परिवार पहले ईसाई धर्म अपना चुका है। रहवासियों का कहना है कि वह परिवार दूसरों का धर्म बदलने के लिए लालच देता है। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता दलजीत वालिया ने बताया कि लोगों के पास से धार्मिक प्रचार की किताबें भी मिली है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।