खाली प्लॉट के विवाद ने गुरुवार को बड़ा रूप ले लिया। इसमें दो पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई। महिलाओं ने भी पत्थर फेंके। हथियार लहराए और हवाई फायर किए। आसपास के लोग घबरा गए।
घटना महावर नगर की है। जानकारी के मुताबिक यहां सत्यनारायण बिंदुरिया के घर के पास करीब 1400 वर्ग फीट का प्लॉट बरसों से खाली पड़ा है। इसके कुछ हिस्से में बिंदुरिया ने शेड लगा रखा था। इस प्लॉट पर पास ही रहने वाले निलेश गुप्ता ने अपना हक जताया। यह मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। इसी दौरान गुप्ता ने अन्य व्यक्ति को प्लॉट का सौदा कर दिया। गुरुवार को कुछ युवक महावर नगर में बिंदुरिया परिवार का कब्जा हटाने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। हालांकि किसी को चोट नहीं लगी लेकिन माहौल तनावपूर्ण हो गया और दहशत फैल गई। सूचना के बाद अन्नपूर्णा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पथराव करने वाले युवक माली मोहल्ला और बियाबानी के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में महिला पत्नी कृष्णा सहित मुकेश, तोताराम व पांच लोगों को हिरासत में लिया है। दूसरे पक्ष के आरोपियों की तलाश की जा रही है।