चक्रवाती तूफान के असर से दक्षिणी हिस्से में बने बारिश के हालात से मौसम के गर्म मिजाज में नरमी आ गई है। पश्चिमी हवाओं संग चल रही उत्तरी ठंडी हवाओं ने गर्मी की राह फिलहाल रोक दी है। जिससे बढ़ता तापमान भी ठिठक सा गया है। दिन का अधिकतम और रात का न्यूनतम तापमान स्थिर हो गया है।
जिससे गर्मी से काफी हद तक राहत मिल रही है। सुबह धूप का असर कम है। दोपहर में भी तीन से चार किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही उत्तरी पश्चिमी हवाएं वातावरण को गर्म नही होने दे रही। मौसम विभाग की माने तो अभी दो-तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
गर्म हवाओं से मिली राहत
चार दिन पहले सुबह आठ बजते ही सूरज की गर्मी तेज महसूस की जा रही थी। लेकिन बीते दो दिनों से सुबह आठ बजे वातावरण सामान्य है। दोपहर में गर्मी का असर भी कम हो रहा है। गर्म हवाओं से भी लोगों को राहत रही। हालांकि धूप में निकलने पर सूरज की तपन जरूर महसूस हो रही थी। जबकि शाम को मौसम सुहाना लग रहा है।
दिन के साथ ही रात का तामपान स्थिर होने से रात में भी गर्मी का असर कम है। कूलर, एयर कंडिशनर की रफ्तार भी धीमी करनी पड़ रही है। मौसम विभाग की माने तो जम्मू कश्मीर में हल्की बर्फबारी के संकेत मिल रहे हैं। इसके असर से अभी अभी दो-तीन दिनों तक लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।