गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। शर्मा बोले कि देश के अंदर कांग्रेस के जिस प्रकार के हालात बने हैं। इससे साफ है कि कांग्रेस देश के अंदर अपना अस्तित्व खो रही है। कांग्रेस की लीडरशिप अप्रासंगिक हो गई है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है। उनका मूल तत्व है कि देश के अंदर फूट डालकर ही राज किया जा सकता है। इसके आधार पर ही देश के अंदर कांग्रेस के हालात बने हैं। गुलाम नबी आजाद जैसे वरिष्ठ नेता ने भी आज कांग्रेस की गुलामी से मुक्ति पाई।
वीडी शर्मा ने कहा कि मैं तो ऐसा मानता हूं कि देश जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी और उनके नेतृत्व के प्रति जागृत हुआ है। ये भी एक आधार बन रहा है कि तुष्टिकरण की राजनीति से देश नहीं चल सकता।
शर्मा ने कहा कि देश सबका साथ और सबके विकास से चलेगा। ये हालात भी देश के अंदर बन रहे हैं। इसलिए गुलाब नबी आजाद हों या कांग्रेस के प्रदेशों के अंदर काम करने वाले लोग रहे हों या जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्त्ता हों। वो भी अब कांग्रेस से विमुक्त होने का काम कर रहे हैं।
भारत जोड़ो नहीं कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकालें
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह तो होना ही था। भारत जोड़ो यात्रा प्रारंभ होने के पहले कांग्रेस छोड़ो यात्रा प्रारंभ हो गई। एक सप्ताह में तीन विकट हो गए। आनंद शर्मा ने पद छोड़ा। कांग्रेस प्रवक्ता ने कांग्रेस छोड़ी और अब गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस छोड़ दी। मैंने पहले ही कहा था कि कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकालें। कांग्रेस एक डूबता जहाज है। धारा 370 हटने के बाद से ही कश्मीर में आजादी की बयार चल रही थी। गुलाम नबी आजाद जी ने कांग्रेस छोड़कर इस हवा को और तेज कर दिया है।