सीहोर में भाजपा को वोट देने पर एक मुस्लिम महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला के साथ उसके ने देवर मारपीट की है। पुलिस ने आरोपी देवर पर केस दर्ज कर लिया है। इसके बाद पीड़ता कलेक्ट्रेट पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।
बता दें कि ग्राम बरखेड़ा हसन की रहने वाली 30 वर्षीय समीना बी पति बबलू खां शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंची थी। उसने बताया कि 4 दिसंबर सोमवार को करीबन शाम पांच बजे मैं और मेरे बच्चे कमल के फूल के जीतने की खुशियां मना रहे थे, इसी दौरान मेरा देवर जावेद पिता बहीद खां मुझसे बोला कि तूने बीजेपी को वोट क्यों दिया। मैंने बोला कि मेरी मर्जी में जहां लोट दूंगी। इसी बात पर वह गालियां देने लगा। मैंने विरोध किया तो उसने मारपीट शुरू कर दी। जावेद की बीबी उजमा ने भी साथ दिया। मेरी चीखें सुनकर पड़ोस में रहने वाले पंडित विद्यासागर ने बीच बचाव किया। मारपीट के दौरान जावेद एवं उजमा कहने लगे हमारी बात नहीं सुनी तो तुझे जान से खत्म कर देंगे। घटना के समय पति बबलू खां काम करने गए हुए थे। घटना में समीना बी को काफी चोट पहुंची है।
इधर पीड़ित महिला की शिकायत पर अहमदपुर थाना पुलिस ने देवर जावेद के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 के तहत मामला तो दर्ज किया है, लेकिन अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। इस घटना की राष्ट्रीय पसमांदा मुस्लिम महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष नौशाद खान ने भी कड़ी निंदा की है। घटना की जानकारी लगते ही खान कलेक्ट्रेट पहुंचे और उन्होंने पीड़ित मुस्लिम महिला और उनके पिता के साथ कलेक्टर प्रवीण सिंह के समक्ष शिकायत पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
विधायक से भी मांगी मदद
समीना बी ने कहा कि भाजपा को वोट देने की सजा मुझे देवर ने दी है। अब मैं इंसाफ के लिए यहां आई हूं। मेरे पिता भी मेरे साथ हैं। समीना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सभी योजनाओं का लाभ मुझे मिल रहा है। लाडली बहन की राशि भी मुझे मिल रही है। मेरे बच्चों को भी लाभ मिला है, जिसके लिए मैंने मामा जी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सीहोर विधायक सुदेश राय को ध्यान में रखते हुए भाजपा को वोट किया था। अब वही मुझे इंसाफ दिलाएं।