एमपी: प्रेमिका की चाकू घोंपकर की हत्या, कार में लेकर जा रहा था लाश

उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में प्रेमिका की हत्या करने के मामले में अब प्रेमी की भी मौत हो गई है। आरोपी प्रेमी ने शुक्रवार को प्रेमिका की चाकू घोंपकर हत्या करने के बाद एसिड का सेवन कर लिया था।

इससे पहले शुक्रवार को घुनघुटी चौकी अंतर्गत ग्राम खाम्हा के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में फंस गई थी। इसके बाद ग्रामीण मदद के लिए इकट्ठा हुए तो उन्हें कार के अंदर सफेद चादर में लिपटी खून से लथपथ युवती की लाश दिखी। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी।

आरोपी ने पी लिया था एसिड

आरोपी कार चालक इससे डर गया और घटना स्थल पर ही एसिड का सेवन कर लिया। उसे आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज शहडोल में भर्ती कराया गया। शनिवार को उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दोनों मृतक प्रेमी-प्रेमिका थे। दोनों के बीच शहडोल में कॉलेज की पढ़ाई के दौरान प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ था।

युवती का नाम ममता पनिका बताया गया है, वह पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के ग्राम अहिरगंवा की रहने वाली थी। वहीं युवक की पहचान सूरज पनिका के रूप में की गई है। ममता वर्तमान में अमरकंटक के कल्याणिका स्कूल में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। घटना से एक-दो दिन पहले सूरज उससे मिलने अमरकंटक आया था। दोनों एक होटल में रुके थे।

विवाद होने पर की हत्या

इसके बाद ममता सूरज के साथ उसके घर, चेचरिया, मानपुर जाने के लिए निकली। दोनों एक कार से रवाना हुए। रास्ते में दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया और आरोपी सूरज ने चाकू घोंपकर युवती की हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही एडीजीपी डी सी सागर समेत पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंचा था और मामले की जांच शुरू कर दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here