कोच्चि। मध्य प्रदेश पुलिस की एक टीम गुरुवार को केरल के कोच्चि पहुंची, जहां उसने प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई ‘वायरल गर्ल’ से जुड़े मामले की जांच शुरू की। यह मामला उसकी कथित शादी और उम्र को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा है।

सूत्रों के अनुसार, ‘वायरल गर्ल’ ने हाल ही में अपने मुस्लिम मित्र फरमान के साथ केरल के एक मंदिर में विवाह किया था। दोनों फिलहाल उत्तर प्रदेश के पलरा निवासी बताए जा रहे हैं और इस समय कोच्चि में रह रहे हैं।

लड़की के परिजनों का दावा है कि उसकी उम्र मात्र 16 वर्ष है, जिसके आधार पर मध्य प्रदेश के महेश्वर थाने में मामला दर्ज किया गया है। वहीं केरल हाई कोर्ट ने फरमान को 20 मई तक गिरफ्तारी से अंतरिम राहत प्रदान की है।

जांच के सिलसिले में मध्य प्रदेश के महेश्वर थाने से एक महिला अधिकारी समेत पांच सदस्यीय पुलिस टीम त्रिक्काकरा पुलिस स्टेशन पहुंची और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। केरल पुलिस के अनुसार, एमपी पुलिस ने क्षेत्र में फरहान के एक परिचित के बारे में जानकारी भी मांगी थी, हालांकि वह व्यक्ति वहां नहीं मिला।

मध्य प्रदेश पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे दस्तावेजों और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर जांच कर रहे हैं, जिसमें लड़की की उम्र 16 वर्ष दर्ज है। अधिकारियों ने बताया कि तिरुवनंतपुरम में हुए विवाह पंजीकरण के दौरान प्रस्तुत आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया जाना जरूरी है।

पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि वे केवल जांच के उद्देश्य से केरल आए हैं और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

इसी बीच, ‘वायरल गर्ल’ ने कोच्चि सिटी पुलिस कमिश्नर और राज्य पुलिस प्रमुख से सुरक्षा की मांग करते हुए याचिका दायर की है। याचिका में उसने अपनी उम्र 18 वर्ष बताते हुए आशंका जताई है कि उसे जबरन मध्य प्रदेश ले जाया जा सकता है, इसलिए सुरक्षा प्रदान की जाए।

इस विवाह समारोह में सीपीआई(एम) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन, मंत्री वी. शिवनकुट्टी और राज्यसभा सांसद ए.ए. रहीम सहित कई नेताओं की मौजूदगी भी चर्चा में रही थी। वहीं कुछ वामपंथी नेताओं ने इस पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया है।