बंगलूरू से दिल्ली जा रहे एक निजी एयरलाइन के विमान में यात्री की तबीयत अचानक से बिगड़ गई। इसके बाद विमान को आनन-फानन में इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। अधिकारियों का कहना है कि 50 वर्षीय व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ा था। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सांस लेने में हुई थी दिक्कत
हवाई अड्डे के प्रभारी निदेशक प्रमोद शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि विस्तारा एयरलाइन की उड़ान संख्या यूके-818 में सवार मनोज कुमार अग्रवाल को पहले सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। इसके बाद वह बेहोश हो गए। इसकी जानकारी जैसे ही चालक दल को मिली, विमान को इंदौर में उतारा गया।
अस्पताल के संचालक डॉ. सुनील बांठिया ने बताया कि मरीज को दिल का दौरा पड़ा था। हवाई अड्डे से अस्पताल पहुंचने के दौरान ही यात्री की मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि मृतक यात्री दिल्ली का रहने वाला था। पोस्टमार्टम के बाद उनके शव को परिजनों को सौंपा जाएगा।