महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कथित रूप से जहरीली शराब पीने के बाद 8 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 5 मौतें पिंपरी-चिंचवाड़ के फुगेवाड़ी इलाके में और 3 मौतें पुणे शहर के हडपसर क्षेत्र में दर्ज की गई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुणे शहर और पिंपरी-चिंचवाड़ पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है और मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में योगेश वानखेड़े नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी को पहले राज्य आबकारी विभाग ने हिरासत में लिया था। उस पर दोनों प्रभावित इलाकों में अवैध शराब की आपूर्ति करने का आरोप है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब की सप्लाई नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।