मुंबई में होने वाली विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुखिया शरद पवार और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उद्धव ने कहा कि भारत माता की रक्षा के लिए साथ आए हैं। सभी मिलकर भाजपा से लड़ेंगे।
शरद पवार ने क्या कहा?
शरद पवार ने कहा कि मुंबई में विपक्षी गठबंधन की बैठक में 28 राजनीतिक दलों के 63 प्रतिनिधि शामिल होंगे। बहुजन समाज पार्टी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि बीएसपी नेता मायावती भाजपा के साथ संपर्क में हैं।
उद्धव ने सरकार को घेरा
एलपीजी की कीमत में कटौती पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि जैसे-जैसे इंडिया प्रगति कर रहा है, भाजपा सरकार गैस सिलेंडर मुफ्त दे सकती है। उन्होंने कहा कि हमारी विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा करना है।
नाना पटोले ने क्या कहा?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि इंडिया गठबंधन की बैठक महाराष्ट्र में होने जा रही है। बेंगलुरु में हम 26 पार्टियां थे, यहां यह 28 पार्टियां हो गई हैं। जैसे-जैसे इंडिया बढ़ेगा, वैसा ही चीन पीछे हटेगा।
भाजपा के खिलाफ लड़ने के लिए एक साथ आए: चव्हाण
इससे पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने INDIA गठबंधन की तीसरी बैठक पर कहा कि हम लोकतंत्र को बचाने और भाजपा के खिलाफ लड़ने के लिए एक साथ आए हैं। एजेंडे पर चर्चा की जाएगी और हम उसी के अनुसार आगे की चीजें तय करेंगे।