नई दिल्ली। मंगलवार शाम ऑफिस से घर लौट रहे यात्रियों को दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तकनीकी खराबी के चलते आनंद विहार से वैशाली के बीच मेट्रो संचालन प्रभावित हो गया, जिससे कई स्टेशन पर यात्री लंबे समय तक फंसे रहे।

करीब शाम पांच बजे के आसपास इस रूट पर सेवाएं बाधित होना शुरू हुईं, जिसके बाद स्टेशनों पर भीड़ तेजी से बढ़ने लगी। खासकर इंद्रप्रस्थ, यमुना बैंक और आसपास के स्टेशनों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

स्थिति को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि आनंद विहार और वैशाली के बीच तकनीकी समस्या के कारण सेवाएं प्रभावित हुई हैं। बाद में बताया गया कि ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) में खराबी आने से इस सेक्शन पर मेट्रो संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

ब्लू लाइन, जो गाजियाबाद और नोएडा को द्वारका से जोड़ती है, दिल्ली की सबसे व्यस्त लाइनों में से एक मानी जाती है। ऐसे में सेवा बाधित होने का असर सीधे हजारों यात्रियों पर पड़ा।

यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की दिक्कतें बार-बार सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का यह भी कहना था कि जानकारी समय पर नहीं मिलने से असुविधा और बढ़ गई। इससे पहले भी इसी रूट पर सिग्नल फेल्योर के कारण सेवाएं प्रभावित हो चुकी हैं।