नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें भारतीय वायुसेना के एक कर्मचारी की पत्नी ने अपने पुराने सहपाठी और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने रेप, ब्लैकमेल, जबरन धर्म परिवर्तन, काला जादू और मानसिक प्रताड़ना जैसे कई आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मौलाना की तलाश में टीम मध्य प्रदेश भेजी गई है।
ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
एफआईआर के अनुसार, 8 फरवरी 2025 को एक होटल में मुलाकात के दौरान मुख्य आरोपी अयाज मदारे ने 24 वर्षीय महिला के पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप है। बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर कथित तौर पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए गए।
इसके बाद महिला को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया गया और कई बार यौन शोषण किया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उससे करीब 4 लाख रुपये की वसूली की गई।
वायरल वीडियो बना अहम सबूत
इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें पीड़िता रोते हुए आरोपी से छोड़ने की गुहार लगाती नजर आती है। वीडियो में आरोपी द्वारा उसे पकड़कर कुछ धार्मिक क्रियाएं करने जैसे दृश्य भी दिखाई देते हैं।
महिला का दावा है कि आरोपी उसे हिप्नोटाइज और काले जादू के नाम पर मानसिक रूप से नियंत्रित करने की कोशिश करता था और इसके बाद उसके साथ गलत काम किया जाता था।
जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप
शिकायत में बताया गया है कि 31 मई को आरोपी और उसका साथी महिला को कलमेश्वर लेकर गए, जहां एक मौलाना ने कथित तौर पर धार्मिक रस्में कराईं और उसे धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया।
पीड़िता के अनुसार, उसे बिना सहमति के कलमा पढ़वाया गया, मांस खिलाया गया और यह भी दावा किया गया कि उसका निकाह अयाज मदारे से कर दिया गया। इसके बाद उसे एक होटल ले जाकर फिर से प्रताड़ित किया गया।
पुलिस जांच और कार्रवाई
पुलिस ने रेप, ब्लैकमेल, जबरन वसूली, धर्म परिवर्तन और अंधविश्वास से जुड़े कानूनों के तहत मामला दर्ज किया है। दो आरोपियों अयाज मदारे और अमीन शेख को गिरफ्तार किया जा चुका है।
नागपुर पुलिस की एक टीम तीसरे आरोपी मौलाना की तलाश में मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तमिया गांव भेजी गई है।
डीसीपी सुरेश रेड्डी ने बताया कि मामले में इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है।