महाराष्ट्र में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 105 हो गई है। भले ही सप्ताहांत में मुंबई में बारिश कम हो गई हो, लेकिन मानसूनी बारिश से अभी कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। 

मिड डे के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज शहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, आज मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा के साथ आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है।

हाइटाइड का अलर्ट

मुंबई में आज दोपहर 3.38 बजे 4.51 मीटर का हाई टाइड आने का अनुमान है, साथ ही आज रात 9 बजकर 52 मिनट पर 1.21 मीटर का लो टाइड आने की संभावना है। द्वीप शहर (दक्षिण मुंबई) में 24 घंटे की अवधि में सोमवार सुबह 8 बजे तक 3.68 मिमी बारिश हुई। पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमश: 5.30 मिमी और 5.29 मिमी बारिश दर्ज की गई।

आइएमडी मुंबई के अनुसार, 1 जून से कोलाबा वेधशाला में कुल 1207.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सांताक्रूज वेधशाला ने कुल 1435.9 मिमी बारिश दर्ज की।आइएमडी मुंबई ने अपने मौसम पूर्वानुमान में कहा है कि सांताक्रूज में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 

वहीं, कोलाबा में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

भारी बारिश से नुकसान 

महाराष्ट्र के औरंगाबाद की वसमत तहसील में भारी बारिश के कारण 14,000 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर फसल प्रभावित हुई है। राज्‍य में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में 160 से अधिक जानवरों के डूबने की भी खबर थी।आसन नदी के किनारे स्थित कुल 163 घरों को नुकसान पहुंचा है। 1,196 घरों में पानी घुस गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्‍त व्‍यस्‍त हो गया।