अमृतसर। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा भेजी गई ढाई लाख रुपये की जाली करेंसी के मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में चिंता और अफरातफरी का माहौल है।
सूत्रों के अनुसार, यह पहली बार है जब नोटबंदी (नवंबर 2018) के बाद पाकिस्तान ने नकली भारतीय मुद्रा सीमा पार भेजी है। इससे पहले आईएसआई अधिकतर हथियार, हेरोइन और विस्फोटक सामग्री भारत में भेजती थी।
जाली करेंसी को खतरे के तौर पर देखा जा रहा
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि आईएसआई की यह योजना भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश मानी जा रही है। पाकिस्तान सीमावर्ती इलाकों में बड़े पैमाने पर नकली नोट छापने की तैयारी कर रहा है, ताकि इन्हें भारतीय नोटों के साथ चलाया जा सके।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को रिपोर्ट भी भेज दी है।
बीएसएफ ने की बरामदगी
बीएसएफ ने वीरवार की रात घरिंडा क्षेत्र के पास पाकिस्तान सीमा से ढाई लाख रुपये की जाली करेंसी बरामद की। इससे पहले आईएसआई द्वारा लगातार भारत में आईईडी, आरडीएक्स, ग्रेनेड, रॉकेट प्रोपेलर ग्रेनेड (RPG), पिस्तौल, कारतूस और हेरोइन भेजे जाने की जानकारी सामने आई थी।