अमृतसर। पंजाब के अमृतसर से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कुख्यात गैंगस्टर मनी प्रिंस गुरुनानक देव अस्पताल से फरार हो गया है।
जानकारी के अनुसार, अमृतसर देहात पुलिस ने हाल ही में थाना लोपोके क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान मनी प्रिंस को गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी थी, जिसके कारण उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गैंगस्टर का इलाज पुलिस की निगरानी में चल रहा था, लेकिन इसके बावजूद वह अस्पताल से निकलने में सफल रहा।
फरारी की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में खोज अभियान शुरू कर दिया है। मनी प्रिंस पर तरनतारन और अमृतसर जिलों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब जांच कर रही है कि फरारी में किसी की लापरवाही या अंदरूनी मदद तो नहीं मिली। फिलहाल अधिकारियों ने मामले पर कोई विस्तृत बयान देने से परहेज किया है।