शहीद भगत सिंह कालोनी इलाके में रहने वाले युवक ने अपनी नाबालिग ममेरी बहन के साथ दुष्कर्म किया। आरोपित लड़की काे खाना बनाने का बहाना बनाकर घर में लाया था। अपने कृत्य को अंजाम देने के बाद वह उसे जान से मारने की धमकियां देते हुए उसके घर छोड़कर फरार हो गया। अब थाना सलेम टाबरी पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है।
एएसआइ जगजीत सिंह ने बताया कि उसकी पहचान शहीद भगत सिंह कालोनी के 30 फुटा रोड निवासी लाडी (29) के रूप में हुई। शादीशुदा आरोपित एक बच्चे का पिता है। जबकि उसकी गर्भवती पत्नी अपने प्रसव के लिए इन दिनों मायके में गई हुई है। पुलिस ने गांव तलवंडी कलां निवासी महिला की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ डरा धमका कर दुष्कर्म करने तथा पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया।