वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट यानी डब्ल्यूडब्ल्यूई (WWE) के पूर्व चैंपियन 'द ग्रेट खली' दलीप सिंह राणा विवादों में फंसते दिख रहे हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों से भिड़ते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं खली पर टोल कर्मी को थप्पड़ मारने का भी आरोप है। 
 इस वीडियो के जरिए दावा किया जा रहा है कि खली ने आईडी कार्ड मांगने पर विवाद खड़ा किया। वहीं, खली का कहना है कि एक कर्मचारी जबरदस्ती फोटो खिंचवाने के लिए कार में घुस रहा था। इस वजह से यह घटना घटी। वीडियो में खली कर्मचारी पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए भी दिख रहे हैं।

यह घटना 11 जुलाई की बताई जा रही है। दरअसल, यह मामला तब का है जब खली जालंधर से करनाल जा रहे थे। यह वीडियो फिल्लोर के पास टोल प्लाजा का बताया जा रहा है। खली का कहना है कि एक कर्मचारी फोटो खिंचवाने के कार में घुस रहा था। मना करने पर विवाद हुआ। इसके बाद बाकी कर्मचारी आए और उनकी कार को घेरकर ब्लैकमेल करने लगे।इसके बाद खली अपनी कार से बाहर आए और बैरियर को हटाकर कार निकालने लगे। इस बीच एक कर्मचारी खली को बैरियर हटाने से रोकने लगा। इस पर स्टार रेसलर ने उसे बाजू से पकड़कर हटा दिया। यह घटना वीडियो में भी कैद हुई है। खली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भी हैं। 

https://twitter.com/payal_mohindra/status/1546699271461695489?s=20&t=09NFhZjpKyCmi4HA-hL5LA

वहीं, कर्मचारी का कहना है कि उन्होंने खली से सिर्फ आईडी कार्ड मांगा था। इस बात पर खली ने उसे थप्पड़ मार दिया। वीडियो में सुना जा सकता है कि एक कर्मचारी खली को बंदर भी कह रहा है। गुस्साए कर्मचारी खली को निकलने नहीं दे रहे थे। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। 

इसके बाद भी वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति कहता है कि थप्पड़ क्यों मारा? मैं वीडियो में सब चेक करवा सकता हूं। इस पर खली कहते हैं- हां चेक करवा ले। इसके बाद खली गाड़ी में बैठकर निकल जाते हैं।