नई दिल्ली: नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा पारित तीन कृषि विधेयकों के खिलाफ आज किसानों ने भारत बंद का ऐलान किया है. देश भर में आज किसान रैलियां निकालकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. बीजेपी की सहयोगी शिरोमणी अकाली दल की मंत्री हरसिमरत कौर ने इसी मुद्दे पर मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था. अब अकाली दल सत्ताधारी पार्टी पर हमलावर हो गई है.
पंजाब के मुक्तसर में किसानों की सभा को संबोधित करते हुए अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि जैसे द्वतीय विश्व युद्ध में अमेरिका ने एटम बम चलाकर जापान को सदमे में डाल दिया था ठीक उसी तरह हरसिमरत कौर के इस्तीफे ने मोदी सरकार को हिला दिया है. पिछले दो महीनों से किसानों के मुद्दे पर चुप रही सरकार अब पांच-पांच मंत्रियों को किसानों के मुद्दे पर बोलने के लिए भेज रही है.