मुंबई। भारत और अमेरिका के बीच सोमवार रात हुए व्यापार समझौते के ऐलान का असर मंगलवार को शेयर बाजार में साफ दिखाई दिया। आम बजट के दिन यानी 1 फरवरी को भारी गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन मंगलवार को सेंसेक्स और निफ्टी ने बड़ी वापसी की। सेंसेक्स ने 3,200 अंक और निफ्टी ने 1,200 अंक तक की छलांग लगाई।
शुरुआती कारोबार में जोरदार तेजी
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 3,656.74 अंक बढ़कर 85,323.20 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 1,219.65 अंक की तेजी के साथ 26,308.05 पर ट्रेड करने लगा। सुबह 11 बजे तक बाजार में यह तेजी कायम रही। बाद में दोनों बेंचमार्क सूचकांक और आगे बढ़े। बीएसई सेंसेक्स 4,205.27 अंक यानी 5.14 प्रतिशत बढ़कर 85,871.73 पर पहुंच गया। निफ्टी 1,252.8 अंक या 4.99 प्रतिशत उछलकर 26,341.20 पर बंद हुआ।
रिलायंस और अदाणी शेयरों में भारी उछाल
18 प्रतिशत टैरिफ कटौती और भारत-अमेरिका समझौते की पुष्टि से शेयर बाजार में शुरुआत से ही तेजी देखने को मिली। रिलायंस और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया। अडानी पोर्ट्स का शेयर 6.91 प्रतिशत तक बढ़ा, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 4 प्रतिशत की तेजी के साथ ट्रेड हुए।
सेंसेक्स कंपनियों की स्थिति
सेंसेक्स सूची में शामिल कंपनियों में अदानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, एटर्नल, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 3.7 से 7.2 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। ब्लू-चिप कंपनियों में केवल आईटीसी का शेयर पिछड़ने वाला रहा।

एशियाई बाजारों में भी तेजी
दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक 5 प्रतिशत बढ़कर मजबूत हुआ। जापान का निक्केई 225, शंघाई का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक भी उच्च स्तर पर कारोबार कर रहे थे। अमेरिका के बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
तेल की कीमत में गिरावट
वैश्विक ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.51 प्रतिशत घटकर 65.96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,446.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सोमवार को सेंसेक्स 943.52 अंक यानी 1.17 प्रतिशत बढ़कर 81,666.46 पर और निफ्टी 262.95 अंक यानी 1.06 प्रतिशत बढ़कर 25,088.40 पर बंद हुआ था।