राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (AAP) के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा और पार्टी के अन्य नेताओं के बीच बयानबाजी में तेजी आ गई है। सोशल मीडिया पर सक्रिय चड्ढा लगातार अपने पक्ष में वीडियो साझा कर रहे हैं। इसी बीच राघव चड्ढा ने एक और वीडियो जारी किया है।  

 इस वीडियो में राघव चड्ढा ने पंजाब से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए नजर आए। वीडियो के साथ चड्ढा ने लिखा, “आप के उन साथियों के लिए, जिन्हें यह कहने पर मजबूर होना पड़ा कि ‘राघव चड्ढा संसद में पंजाब के मुद्दों को उठाने में असफल रहे’—यह सिर्फ एक छोटा सा ट्रेलर है, असली कहानी अभी बाकी है। पंजाब मेरे लिए सिर्फ एक विषय नहीं, मेरा घर है, मेरा कर्तव्य है, मेरी मिट्टी और मेरी आत्मा है।”

शनिवार को चड्ढा ने पार्टी की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये झूठ और सुनियोजित अभियान का हिस्सा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका ध्यान हमेशा आम आदमी से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाने पर रहा है, न कि हंगामा करने या माइक तोड़ने पर।

चड्ढा ने यह भी कहा कि विपक्ष के वॉकआउट में हिस्सा न लेने के आरोप बेबुनियाद हैं। “मैं चुनौती देता हूं कि कोई भी उदाहरण दिखाए जब मैंने वॉकआउट में हिस्सा नहीं लिया हो। संसद की पूरी कार्यवाही CCTV पर रिकॉर्ड होती है,” उन्होंने कहा।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर न करने के आरोप पर चड्ढा ने कहा कि पार्टी के किसी नेता ने इस बारे में उनसे संपर्क नहीं किया। उनका फोकस हमेशा जीएसटी, आयकर, दिल्ली के प्रदूषण, पंजाब का पानी संकट, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल यात्री सुविधाएं, मासिक धर्म स्वास्थ्य, बेरोजगारी और महंगाई जैसे जनहित के मामलों पर रहा है।