अजमेर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को अजमेर जिले के पुष्कर पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के 10 दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन एवं संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह आयोजन वाइल्ड रोज रिसॉर्ट में हुआ, जिसमें देशभर से आए कांग्रेस पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष शामिल हुए।
राहुल गांधी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच सीधा संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।
संगठन विस्तार और जनसंपर्क पर दिया फोकस
शिविर में राजस्थान के 50 और दिल्ली के 15 जिला अध्यक्षों के साथ-साथ कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी की ताकत उसका मजबूत संगठन है और इसे बूथ स्तर तक सशक्त बनाना जरूरी है।
उन्होंने जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार, जनसंपर्क और पार्टी की विचारधारा को आम लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
कार्यकर्ताओं के परिवारों से मिले राहुल गांधी
कार्यक्रम के दौरान शिविर में शामिल जिला अध्यक्षों के परिवारजन भी मौजूद रहे। राहुल गांधी ने उनसे मुलाकात की और उनके साथ बातचीत करते हुए तस्वीरें भी खिंचवाईं।
किशनगढ़ एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
इससे पहले राहुल गांधी सुबह 10:05 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट शामिल रहे।
किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी ने उन्हें पारंपरिक हल भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से पुष्कर के लिए रवाना हुए।
खड़गे का दौरा हुआ रद्द
गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी इस चिंतन शिविर में शामिल होने वाले थे, लेकिन अंतिम समय में उनका दौरा रद्द हो गया।
शिविर के समापन के साथ संगठनात्मक रणनीति, आगामी राजनीतिक तैयारियों और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ।