बीकानेर। मंगलवार को स्वामी विवेकानंद मॉडल सरकारी स्कूल, ऊपनी गांव में स्कूल के पहले ही दिन एक 4 वर्षीय मासूम पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के सिर की त्वचा नोच ली, कान काट दिया और शरीर के अन्य हिस्सों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास मौजूद ग्रामीण ने बच्चे को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। घायल बच्चे रामू (4) का इलाज PBM अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे को सिर की त्वचा पुनर्स्थापित करने के लिए प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ेगी।
भाई के साथ पहली बार स्कूल गया था
रामू अपने बड़े भाई के साथ पहली बार स्कूल गया था। लगभग डेढ़ घंटे कक्षा में रहने के बाद वह स्कूल ग्राउंड में चला गया। इस दौरान मुख्य दरवाजा खुला था, जिससे कुत्तों का झुंड स्कूल में घुस गया और बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चा जोर-जोर से चिल्लाया, लेकिन शिक्षक तक आवाज नहीं पहुंची। वहीं से गुजर रहे एक ग्रामीण ने उसे तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाकर बचाया।
इलाज लंबा और जटिल
PBM ट्रॉमा इंचार्ज डॉ. एल.के. कपिल ने बताया कि बच्चे के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घावों की सफाई तीन चरणों में होगी और स्किन ग्राफ्टिंग सर्जरी की जाएगी। डॉक्टरों के अनुसार, पूरी उपचार प्रक्रिया में लगभग एक साल का समय लग सकता है और कई बार सर्जरी करनी पड़ सकती है।
पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. एम.एल. काजला ने बताया कि रामू का स्वास्थ्य सामान्य है, लेकिन जहां कुत्तों ने शरीर नोचा है, वहां सर्जरी करनी अनिवार्य है, खासकर सिर की त्वचा की।
ग्रामीण नाराज, स्कूल प्रशासन पर आरोप
ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मुख्य गेट क्यों बंद नहीं किया गया, गार्ड क्यों नहीं तैनात किया गया और शिक्षक गेट तक बच्चे की देखभाल क्यों नहीं कर पाए। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि ये कुत्ते पहले भी बच्चों और अन्य पशुओं पर हमला कर चुके हैं।
स्कूल प्रिंसिपल का बयान
प्रिंसिपल सुभाष मीणा ने बताया कि बच्चा वॉशरूम की ओर गया था और कुछ ही पलों में बाहर चला गया। उन्होंने कहा कि घटना दुखद है और पहले भी गेट के आसपास हिंसक कुत्तों की शिकायत की गई थी। इस घटना की सूचना एसडीएम, पुलिस और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को दे दी गई है।