धौलपुर राजाखेड़ा कस्बे के बाईपास रोड पर सोमवार दोपहर एक डीजे साउंड की दुकान में महिला और युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी लगते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, घटना की सूचना से मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची राजाखेड़ा थाना पुलिस ने दुकान के शटर को छैनी-हथौड़े से तुड़वाकर खुलवाया। दुकान के अंदर पंखे से एक महिला और युवक का शव फंदे से लटका था। शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर राजाखेड़ा स्थित शहीद राघवेंद्र सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर राजाखेड़ा कस्बे में दुकान के बगल से गुजर रहे कुछ लोगों को दुकान के अंदर से बदबू आई। उन्होंने दुकान के अंदर टॉर्च लगाकर देखा तो उन्हें फंदे से एक महिला और युवक का शव लटका हुआ दिखाई दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। वहीं, मामले की सूचना राजाखेड़ा थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची राजाखेड़ा थाना पुलिस ने मैकेनिक को बुलवाकर छैनी-हथौड़े की सहायता से दुकान का शटर तुड़वाया।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक महिला और युवक का शव करीब 2 से 3 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों को फंदे से नीचे उतार राजाखेड़ा स्थित शहीद राघवेंद्र सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतकों के संबंध में जांच पड़ताल की जा रही है।
घटना को लेकर एडिशनल एसपी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि अभी तक दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त के बाद घटना से परिजनों को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने बताया प्रारंभिक अनुसंधान में मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। घटना के हर पहलू पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।