राजस्थान के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दौड़ रही एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया, जिससे उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। इस घटना में कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा रात करीब 1 बजे मौजपुर इलाके के पास पिलर नंबर 115/300 के नजदीक हुआ। कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी, तभी अचानक उसमें आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
पांच लोगों की मौके पर मौत
कार में मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष शामिल थे। सभी की जलने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं चालक विनोद कुमार मेहर किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन वह करीब 80 फीसदी तक झुलस गया।
राहत-बचाव और जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम, एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। घायल चालक को पहले पिनान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में अलवर रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान की पुष्टि और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।