नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती गर्मी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। रविवार की रात इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। वहीं, राजधानी में वायु गुणवत्ता का स्तर अभी भी ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक स्तर है। इससे पहले 21 मई को न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

दिन के समय तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है।

वायु गुणवत्ता की बात करें तो सोमवार सुबह 9 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 206 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की स्थिति मध्यम से खराब स्तर के बीच बनी हुई है और फिलहाल इसमें बड़े सुधार की संभावना कम जताई जा रही है।

भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत के कोई संकेत नहीं दिए हैं। अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का असर जारी रहेगा। इसी को देखते हुए 27 मई तक के लिए लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।