कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के कई लोगों की जान चली गई। भटकल क्षेत्र की थट्टेहक्कलु नदी में सीपियां इकट्ठा करने गए लोग अचानक तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गए। इस घटना में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कुछ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, भटकल के शिराली इलाके के शारदाहोल गांव से 14 लोगों का एक समूह सुबह नदी किनारे सीपियां निकालने गया था। इसमें 12 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल थे। बताया जा रहा है कि करीब 11 बजे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे वहां मौजूद लोग तेज बहाव में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 9 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान लक्ष्मी मदेवा नाइक, लक्ष्मी शिवराम नाइक, मालती जट्टप्पा नाइक, मस्तम्मा मंजूनाथ नाइक, लक्ष्मी अन्नप्पा नाइक, ज्योति नाइक और उमेश मंजूनाथ नाइक समेत अन्य के रूप में हुई है। सभी मृतक एक ही परिवार और आसपास के समुदाय से जुड़े बताए जा रहे हैं।
वहीं, इस हादसे में 4 लोगों को सुरक्षित बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन की टीम अभी भी नदी में तलाशी अभियान चला रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद शारदाहोल गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक पानी का स्तर बढ़ने से लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में नदी और अन्य जलस्रोतों से दूर रहने की अपील की है।