तीन सूत्री मांगों को लेकर पिछले 20 मार्च से आंदोलनरत अखिल राजस्थान मुख्यमंत्री निशुल्क दवा वितरण योजना संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर महासंघ एकीकृत के कंम्प्यूटर ऑपरेटर्स ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शन आम आदमी पार्टी की नेता संगीता गौड़ के नेतृत्व में स्वास्थ्य भवन पर किया गया। प्रदर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ज्ञापन भेजा गया। इसमें शिष्टमंडल से वार्ता के लिए आश्वस्त किया गया।
आप नेता संगीता गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना के अंतर्गत प्रदेश के समस्त राजकीय चिकित्सालयों में 4396 युवा बतौर कंम्प्यूटर ऑपरेटर संविदा पर कार्य कर रहे हैं। ये कर्मचारी मांगों को लेकर 20 मार्च-2023 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट के धरने की वजह से इन संविदा कर्मियों को गवर्नमेंट हॉस्टल के सामने से हटा दिया गया। इन कर्मचारियों ने कोविड में भी अपनी बहुमूल्य सेवाएं दीं, मगर इन्हें इसकी एवज में प्रोत्साहन राशि तक नहीं दी गई। यहां तक 2016 से आज तक इन्हें वेतन में कोई वृद्धि नहीं हुई है, ये लोग महज 8500 रुपये मासिक वेतन लेने को मजबूर हैं। इन संविदा कर्मी को पदनाम परिवर्तन व वेतन वृद्धि के साथ-साथ नियमित किया जाए। प्रदर्शन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र गुर्जर, हीरालाल वे समस्त जिला अध्यक्ष शामिल हुए।