राजस्थान की नागौर सीट से सांसद हनुमान बेनीवाल ने पद से इस्तीफा दे दिया है। बेनीवाल ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की, इसी दौरान उन्होंने अपना त्यागपत्र उन्हें सौंप दिया। बेनीवाल खींवसर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने थे। ऐसे में उन्होंने सांसदी छोड़ दी और अब वे विधायक रहकर ही काम करेंगे।  

बता दें कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के मुखिया हनुमाल बेनीवाल लोकसभा में हुई घुसपैठ के मामले में भी चर्चा में रहे थे। उन्होंने संसद में घुसे युवकों को पकड़ लिया था। इसके बाद उनकी जमकर चर्चा हुई थी। साथी सांसदों ने भी उन्हें सराहा था। 

77 विधानसभा सीटों पर आरएलपी ने उतारे थे प्रत्याशी
आरएलपी के अध्यक्ष हनुमाल बेनीवाल ने राजस्थान विधानसभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया था। दोनों पार्टियों ने 77 सीटों पर मिलकर प्रत्याशी उतारे थे। लेकिन, इनमें से सिर्फ हनुमाल बेनीवाल ही जीत दर्ज कर सके थे।