उत्तर प्रदेश और गाजियाबाद में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति के नए नियम लागू कर दिए गए हैं। अब जिन घरों में केवल एक सिलिंडर है, उन्हें रिफिल 25 दिन बाद मिलेगा, जबकि दो सिलिंडर वाले परिवारों को 35 दिन बाद गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं उज्जवला योजना के अंतर्गत सिलेंडर लेने वालों को 45 दिन बाद नया सिलिंडर मिलेगा।
कॉमर्शियल सिलेंडर केवल विशेष मामलों में उपलब्ध
यूपी एलपीजी एसोसिएशन और गाजियाबाद एलपीजी एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि नई आपूर्ति प्रक्रिया तुरंत लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अब सभी एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि कॉमर्शियल सिलेंडर केवल आपातकालीन सेवाओं और शैक्षणिक संस्थानों को ही उपलब्ध कराया जाएगा।
बीपीसीएल की नई बुकिंग प्रक्रिया
इससे पहले, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने सिलेंडरों की आपूर्ति को नियंत्रित करने के लिए नई प्रक्रिया शुरू की थी। इसमें उन ग्राहकों को, जिन्होंने सालाना कोटे के 12 सिलेंडर रिफिल करा लिए हैं, नई बुकिंग के लिए हेलो बीपीसीएल ऐप पर जानकारी भरनी होगी।
ग्राहकों से परिवार में सदस्यों की संख्या, आने वाले मेहमानों का विवरण, घर में होने वाली शादी, भंडारा या अन्य आयोजन जैसी जानकारी मांगी जाएगी। केवल इन सवालों के जवाब देने के बाद ही सिलेंडर बुक किया जा सकेगा।
पूछे जाने वाले मुख्य सवाल
- परिवार में छह या उससे अधिक सदस्य हैं?
- घर में मेहमान आने वाले हैं?
- शादी, भंडारा या कोई अन्य कार्यक्रम है?
- अन्य घरेलू उपयोग के लिए सिलेंडर की आवश्यकता?
इस नए नियम के तहत सिलेंडरों की मांग और आपूर्ति को संतुलित करने का प्रयास किया गया है, ताकि गैस की किल्लत से आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।