राजस्थान पुलिस विभाग में बुधवार को बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया। पुलिस मुख्यालय ने 52 पुलिस निरीक्षकों (सीआई) को पदोन्नति देकर उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्त किया है। इन सभी अधिकारियों को राज्य के विभिन्न जिलों और विशेष इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह कदम प्रशासनिक मजबूती और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसके तहत संवेदनशील और महत्वपूर्ण इकाइयों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

पदोन्नत अधिकारियों को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB), स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सीआईडी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नियुक्त किया गया है। नरपत सिंह चारण को ACB जयपुर में डीएसपी बनाया गया है, जबकि रविंद्र कुमार और मुकेश शर्मा को राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) में जिम्मेदारी दी गई है। महावीर सिंह यादव को SOG जयपुर में तैनात किया गया है।

इसके अलावा मदन लाल को प्रतापगढ़, आनंद कुमार को श्रीगंगानगर, बुद्धाराम को बाड़मेर, पुरुषोत्तम महरिया को भरतपुर, निरंजन प्रताप सिंह को जालोर और रामनिवास मीणा को अलवर की साइबर क्राइम शाखा में डीएसपी के रूप में नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय ने वरिष्ठ स्तर पर भी प्रशासनिक बदलाव करते हुए सात अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (ADGP) को विभिन्न रेंजों की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि निगरानी और समन्वय व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

जारी आदेश के अनुसार एडीजी कार्मिक बीजू जॉजे जोसफ को भरतपुर रेंज, दिनेश एम. एन. को जयपुर रेंज, संजीव कुमार नर्जारी को बीकानेर रेंज, विशाल बंसल को कोटा रेंज, हवा सिंह घुमरिया को जोधपुर रेंज व आयुक्तालय, एस. सेंगथिर को उदयपुर रेंज और रुपिंदर सिंह को अजमेर रेंज का प्रभार दिया गया है।

डीजीपी (कानून-व्यवस्था) द्वारा जारी इस पुनर्गठन का उद्देश्य जिलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नियमित निगरानी रखना और पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करना बताया गया है। इससे प्रशासनिक दक्षता और जवाबदेही दोनों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।