फिल्म अभिनेता सोनू सूद अब जोधपुर AIIMS में भर्ती ब्लैक फंगस के एक मरीज के लिए फरिश्ता बने हैं। उन्होंने इस बीमारी के इलाज में काम आने वाले 10 इंजेक्शन भेजे हैं। इन्हें पहले मुंबई से दिल्ली फ्लाइट से भेजा गया। इसके बाद यहां से सड़क मार्ग से जोधपुर पहुंचाया गया।
जोधपुर के कमल किशोर सिंघल का इन दिनों AIIMS में इलाज चल रहा है। उन्हें लिपोसोमल एम्फोटेरिसिन बी इंजेक्शन लगाए जाने थे, लेकिन यह पूरे पूरे राजस्थान में नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में उन्होंने सोशल मीडिया पर सोनू सूद से मदद की गुहार लगाई।
सोनू सूद ने उन्हें निराश नहीं किया और कल रात मुंबई से दिल्ली के लिए इंजेक्शन रवाना कर दिए। उनके इस काम में मददगार बने जोधपुर के हितेश जैन व राजवीर सिंह कच्छवाह। ये दोनों भी सोनू की टीम से जुड़े हैं और कोरोना के दौर में मुश्किलों का सामना कर रहे लोगों की मदद कर रहे हैं। सोनू ने इन्हें रात में ही दिल्ली पहुंचने को कहा था।
जैन ने बताया कि कल रात डेढ़ बजे फ्लाइट दिल्ली पहुंची। दवा का पार्सल हमें साढ़े तीन बजे तक मिल पाया। इसके बाद हमने जोधपुर वापसी का सफर शुरू किया। करीब आठ घंटे में हम यहां पहुंच गए और सिंघल के परिजनों को एम्स में यह इंजेक्शन सौंप दिए।
हितेश जैन और राजवीर की संस्था से जुड़े लोग सड़क पर मुस्तैद पुलिसकर्मी, हेल्थ वर्कर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स और मरीजों के परिजन को पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने का काम लंबे समय से कर रहे हैं। जैन कोविड के मरीजों को पल्स ऑक्सीमीटर और लंग्स एक्सरसाइज मशीनें मुफ्त में उपल्बध करवा रहे हैं।