लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) की बागी विधायक पूजा पाल को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। चौधरी ने कहा कि एफआईआर उन दरिंदों पर होनी चाहिए थी जिन्होंने पाल समाज के होनहार नेता राजू पाल की सरेआम हत्या की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने उनके हत्यारों को संरक्षण देकर उन्हें राजनीतिक लाभ पहुंचाया और माफियाओं को ‘माननीय’ बनाया।

चौधरी ने कहा, "आज वही लोग पूजा के गुमराह होने की बातें कर रहे हैं। यह न केवल प्रदेश की जनता के साथ अपमान है, बल्कि पाल समाज के प्रति भी अनादर है।" उन्होंने यह भी कहा कि पाल समाज अब नकली सपा नेताओं को पहचान चुका है और वह तुष्टिकरण, भय, अपराध और परिवारवाद की राजनीति का हिस्सा नहीं बल्कि विकास, सम्मान, सुरक्षा और राष्ट्रवाद की मुख्यधारा में शामिल हो चुका है।

भाजपा नेता ने सपा अध्यक्ष पर हमला करते हुए कहा कि जो लोग अपनी ही विधायक के फैसले पर उसके गुमराह होने की कहानी बना रहे हैं, उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि उनके शासनकाल में अपराधियों और माफियाओं का मनोबल इतना ऊँचा क्यों था। क्यों उत्तर प्रदेश की पहचान ‘जंगलराज’ के रूप में होती थी?

चौधरी ने यह भी उल्लेख किया कि स्वर्गीय राजू पाल की पत्नी ने स्वयं कहा है कि अगर सपा सरकार होती, तो शायद आज वह जीवित न होतीं। उनका यह बयान सपा शासन की भयावह सच्चाई और ‘जंगलराज’ की पुष्टि करता है।

पंकज चौधरी ने अंत में कहा कि पाल समाज अब किसी पार्टी का पिछलग्गू नहीं बल्कि नेतृत्वकर्ता और निर्णायक समाज बन चुका है, और यही समाज 2027 में सपा का सूपड़ा साफ करेगा