राजस्थान के बालोतरा के सिवाना में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित सभाओं में सनातन धर्म के खिलाफ बोलने वालों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन और हिंदुओं को मिटाने आए थे, वे खुद मिट गए। इसके अलावा शेखावत ने प्रदेश की गहलोत सरकार पर निशाना साधा। शेखावत ने कहा कि लोकतंत्र में वोट की चोट से बड़ी चोट कोई नहीं होती। अबकी बार राजस्थान की जनता परिवर्तन का संकल्प लेकर गहलोत सरकार पर वोट की चोट करेगी।

शेखावत ने कहा कि जनता के हर वर्ग के साथ गहलोत सरकार ने वादाखिलाफी करने का काम किया है। 2018 के चुनाव से पहले किसानों का संपूर्ण कर्जा माफ करने का वादा इन्होंने किया था। लेकिन, ऐसा हीं हुआ। अगर, किसी का कर्ज माफ हुआ है तो कांग्रेस के नेता का हुआ होगा। उन्होंने कहा कि 20,000 किसानों की जमीन नीलामी करने और 2000 किसानों की आत्महत्या का पाप गहलोत सरकार के सिर पर है।

शेखावत ने पूछा- फ्री बिजली चाहिए या बिजली चाहिए
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 87 साल में अगस्त का महीना सबसे सूखा निकला है। गहलोत सरकार ने वादा किया था कि 6 घंटे बिजली देंगे। क्या 7 मिनट में बिना रुके बिजली मिल रही है? इस कारण किसान की फसलें जल गईं। ये बिजली का संकट भ्रष्टाचार करके अपनी जेब में भरने के लिए है, क्योंकि प्राइवेट कंपनी से इनको मलाई मिलती है। इन्होंने चांदी कमाने के चक्कर में किसान को संकट में डाला है। वसुंधरा सरकार के समय किसान को मिल रहे बिजली के अनुदान को बंद करके अब 2000 यूनिट फ्री का नाटक कर रहे हैं। शेखावत ने सभा में लोगों से पूछा कि आपको फ्री बिजली चाहिए या बिजली चाहिए।

सनातन को मिटाने वाले खुद मिट गए 
सनातन धर्म पर 'इंडिया' एलांयस के नेताओं के हमले का जिक्र करते हुए शेखावत ने कहा कि 2000 साल के इतिहास में कितने आक्रांता भारत आए। कुछ हमको लूटने के लिए आए तो कुछ सनातन को समाप्त करने के उद्देश्य से आए थे। औरंगजेब, अलाउद्दीन खिलजी जैसे आक्रांताओं का संकल्प था कि हम भारत से हिंदुत्व और सनातन को समाप्त कर देंगे, लेकिन सनातन को मिटाने वाले खुद मिट गए।

शेखावत ने कहा- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे साहब कहते हैं कि मोदी जीत गया तो सनातन और ताकतवर हो जाएगा, इसलिए मोदी को हराने की जरूरत है। मैं आपसे पूछना चाहता हूं, जिस सनातन की हर जाति, समाज और हमारे पूर्वजों ने रक्षा की क्या ये उसे हार पाएंगे? सनातन पर चोट और तुष्टिकरण के पाप में अशोक गहलोत सरकार भी शामिल है। 

शेखावत ने कहा कि जिस राजस्थान के वीरों और माताओं ने राम के नाम को बचाने के लिए अपने आप को कुर्बान किया, उस राजस्थान में पुराने मंदिर के शिवलिंग को ड्रिल मशीन लगाकर तोड़ा गया। हिंदू त्योहारों पर प्रतिबंध लगाने का काम गहलोत सरकार ने किया, जबकि पीआईएफ जैसे संगठन को पुलिस संरक्षण में जुलूस निकालने की छूट दी। शेखावत ने कहा कि अब हमें राजस्थान के भविष्य, युवाओं के भविष्य, किसानों की खुशहाली, मां-बेटियों के सम्मान और व्यापारी की सुरक्षा के लिए परिवर्तन का संकल्प लेना है।