लखनऊ/झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल से पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी की। इस योजना के तहत देशभर के करोड़ों किसानों के खातों में सीधे वित्तीय सहायता ट्रांसफर की गई। उत्तर प्रदेश में इस किस्त से 2.17 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं।
राज्य के लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में कुल 4,352.40 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी गई। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी स्थित आयुक्त सभागार में आयोजित आयोजन से जुड़े।
सीएम योगी ने जताया आभार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह “डबल इंजन सरकार” की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
देशभर में 9.44 करोड़ किसानों को लाभ
सरकारी जानकारी के अनुसार, इस किस्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को लगभग 18,880 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है। यह योजना किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से लगातार चलाई जा रही है।
उत्तर प्रदेश में इस किस्त के बाद अब तक किसानों को कुल 1,03,391.24 करोड़ रुपये की सम्मान निधि प्राप्त हो चुकी है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री भी शामिल
वहीं, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही लखनऊ स्थित भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान में आयोजित कार्यक्रम के लाइव प्रसारण में शामिल हुए और किसानों के लिए इस योजना को महत्वपूर्ण बताया।