बिलासपुर:  नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने एक बिजली बोर्ड कर्मचारी को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1.2 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम गश्त पर थी, इसी दौरान धौलरा के पास एक वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान बिजली बोर्ड के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुरेंद्र कुमार, निवासी बागी बिनौला, के पास से 1.2 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

बताया जा रहा है कि आरोपी को इससे पहले भी नशे के मामले में पकड़ा जा चुका है। करीब पांच महीने पहले उसे एक पुलिसकर्मी के साथ सुंगल क्षेत्र में 2.85 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। उस समय उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन मामला लंबित रह गया।

सुरेंद्र कुमार विद्युत बोर्ड मंडल बिलासपुर कार्यालय में कार्यरत है। लगातार दूसरी बार नशे के साथ पकड़े जाने के बाद विभागीय कार्रवाई भी तेज होने की संभावना है।

बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा ने कहा कि इस बार आरोपी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उसे सेवा से बर्खास्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।