महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार, 20 जून को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यशवाड़ी गांव स्थित मारुति (हनुमान) मंदिर परिसर में सभा मंडप का स्लैब अचानक गिर गया, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। पीटीआई के अनुसार, इस घटना में अब तक 5 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
राहत और बचाव अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराने के लिए एंबुलेंस तैनात की गई हैं।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, मंदिर के सभा-मंडप का स्लैब करीब 3:30 बजे गिरा। अब तक लगभग 25 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।
यह गांव छत्रपति संभाजीनगर से करीब 190 किलोमीटर दूर मानवत रोड क्षेत्र में स्थित है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत कार्य तेज़ी से जारी है।