चंडौस कस्बे के कसेरू तिराहे के पास मदरसा रोड पर 28 दिसंबर की शाम क्रिकेट खेलते समय विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, खेलते हुए गेंद एक निर्माणाधीन मैरिज होम में चली गई, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला बढ़ते ही मारपीट, पथराव और फायरिंग तक पहुंच गया, जिसमें आठ लोग घायल हुए हैं।

थाना पुलिस के मुताबिक, रविवार को शाम करीब 4:30 बजे एक समुदाय के युवाओं का क्रिकेट मैच मैदान पर चल रहा था। खेल के दौरान गेंद पास में बन रहे मैरिज होम में चली गई। मैरिज होम के मालिक नरेशा खान और उनके साथियों ने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया, जिसमें मारपीट और पथराव शामिल था। घटना लगभग एक घंटे तक चली।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ गभाना धनंजय सिंह और कोतवाल सत्यवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चार लोगों को हिरासत में लिया। घायलों को नजदीकी सीएचसी में भर्ती कराया गया। फायरिंग की पुष्टि के लिए जांच की जा रही है।

घायलों का विवरण
मारपीट और पथराव में जाविद कुरैशी, तलहा कुरैशी, रिजवान कुरैशी और उजेफा कुरैशी घायल हुए। वहीं, नरेशा खान, आबिद खान, शाहरूख और लखन खां भी घायल हुए।

फायरिंग का आरोप
क्रिकेट खेलने वाले पक्ष ने आरोप लगाया है कि रामपुर शाहपुर के पक्ष ने तीन-चार राउंड फायरिंग की। पुलिस ने कहा कि फायरिंग की जांच जारी है और दोनों पक्षों के घायलों का उपचार कर लिया गया है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।