आगरा: कमलानगर से लापता युवती का शव यमुना किनारे पड़ा मिला

आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह जवाहर पुल के नीचे यमुना किनारे युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती थाना कमला नगर क्षेत्र की रहने वाली थी। सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। जानकारी होने पर मृतका के परिजन भी पहुंच गए। पुल से युवती का शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। 

रविवार सुबह क्षेत्रीय लोगों ने जवाहर पुल के नीचे यमुना नदी के समीप युवती का शव पड़ा हुआ देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थाना एत्माद्दौला पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवती की शिनाख्त के लिए लोगों की मदद ली। बताया गया है कि युवती कमला नगर की रहने वाली थी। उसकी उम्र करीब 20 साल है। वो पूर्व में किसी दुकान पर काम करती थी। 

युवती के कानों में ईयरफोन लगा हुआ था। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार युवती शनिवार रात आठ बजे से लापता है। उसके परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह युवती का शव मिलने की जानकारी परिजनों को हुई तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। सीओ छत्ता दीक्षा सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here