आगरा के नुनिहाई स्थित जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र में बुधवार को युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने हेतु एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत आयोजित हुआ, जिसमें युवाओं को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 10वीं पास युवक-युवतियां उत्पादन क्षेत्र में 25 लाख रुपये तक और सेवा क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकते हैं, जिसमें 25 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है। इसके अलावा, नई मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत 8वीं पास पात्र युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण और 10 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंकों को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उपस्थित युवाओं के साथ बातचीत कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस मौके पर अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक सहित कई उद्यमी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।