लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान भाजपा पीडीए खासकर अल्पसंख्यक वोटों को काटने की योजना बना रही है। उनके अनुसार यह योजना फॉर्म-7 के माध्यम से क्रियान्वित की जा रही है।
अखिलेश यादव ने बताया कि उन्हें पता चला है कि भाजपा की एक गुप्त बैठक हुई, जिसमें यह तय किया गया कि सपा के वोट कैसे प्रभावित किए जाएँ। उन्होंने कहा, “भाजपा जानती है कि इस बार यूपी में चुनाव उनके पक्ष में नहीं जाएगा, इसलिए वे ऐसे कदम उठा रहे हैं। लेकिन जनता सब देख रही है और हर चीज का जवाब देगी। हम भी चुप नहीं बैठेंगे और वोट में किसी तरह के घोटाले को बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा ने एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से लगभग एक करोड़ फर्जी वोट बढ़ाए हैं और ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मामला उत्तर प्रदेश की कच्ची मतदाता सूची से जुड़ा है, जिसे राज्य निर्वाचन आयोग ने एसआईआर के बाद जारी किया था।
अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा अपने नुकसान को छुपाने के लिए दबाव बनाएगी क्योंकि उनका वोट कट गया है। फर्जी वोट डाले गए हैं और अधिकतम वोट बीजेपी के बूथों पर पाए गए हैं। जिस एसआईआर से पहले पूरे देश में बहस थी, अब उसी से भाजपा परेशान है, और इसलिए वे गुपचुप बैठकें कर रहे हैं।”