लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 29 मार्च को दादरी से विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। इस रैली में प्रदेश के लगभग 32 जिलों के 140 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता और आम लोग हिस्सा लेंगे। बुधवार को इस रैली को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने जिला और महानगर कार्यकारिणी से चर्चा की।
राजकुमार भाटी ने कहा कि वर्तमान सरकार विपक्षी नेताओं का सम्मान नहीं करती और भर्ती, ट्रांसफर-पोस्टिंग और प्रशासनिक मामलों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास अब केवल मुकदमे, मुठभेड़ और बुलडोजर जैसे उपाय ही बचे हैं। भाटी ने यह भी कहा कि वरिष्ठ नेता आजम खान पर 94 फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरे का संकेत हैं। उन्होंने भविष्य में विपक्षी गठबंधन के जारी रहने की संभावना का भी जिक्र किया।
भाटी ने बताया कि रैली का उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समानता और भाईचारे का संदेश फैलाना है। अब तक 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए चौपाल आयोजित की जा चुकी है। बैठक में जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, प्रदेश सचिव लल्ला सिंह गुर्जर, पवन प्रजापति, मधुकर अरोरा, देवेन्द्र सिंह यादव, बलविंदर सिंह जाटव और संतोष पाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।