अमेठी: जायस क्षेत्र के रानी हरबंसगंज गांव में मंगलवार शाम एक नवविवाहिता के साथ घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि महिला को बंधक बनाकर उसकी पिटाई की गई और लाखों रुपये के जेवर व नकदी लूट ली गई। घायल महिला का इलाज फुरसतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता अंकिता ने बताया कि घटना के समय वह घर में अकेली थी और सिलाई का काम कर रही थी। इसी दौरान दो युवक अचानक घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने दुपट्टे से उसका गला दबाकर तिजोरी की चाबी मांगी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

अंकिता के अनुसार, मारपीट के बाद वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपियों ने तिजोरी की चाबी लेकर उसमें रखे करीब 7 लाख रुपये के जेवर और 10 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।

पीड़िता ने बताया कि हमलावर आपस में बातचीत कर रहे थे, जिससे उसे एक नाम का आभास हुआ। बाद में पुलिस द्वारा दिखाए गए फोटो में उसने दो संदिग्धों की पहचान करने का दावा किया है।

जानकारी के अनुसार, अंकिता की शादी 28 अप्रैल को आकाश के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही हफ्तों बाद हुई इस वारदात से परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

इंस्पेक्टर अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।