उत्तर प्रदेश में आबकारी सिपाही भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने इस भर्ती में पदों की संख्या बढ़ा दी है। पहले जहां 722 पदों पर भर्ती प्रस्तावित थी, वहीं अब इसमें 98 नए पद जोड़ दिए गए हैं। इसके बाद कुल पदों की संख्या बढ़कर 820 हो गई है। इससे अभ्यर्थियों को चयन का अधिक अवसर मिलेगा।

आयोग ने संशोधित पदों के अनुसार आरक्षण का विस्तृत विवरण भी जारी कर दिया है। आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन, शुल्क भुगतान, आवेदन सबमिट करने और संशोधन की सभी निर्धारित तिथियां पहले की तरह ही रहेंगी। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 24 जून निर्धारित थी, जबकि आवेदन में सुधार और शुल्क समायोजन की अंतिम तारीख 1 जुलाई तय है। अभ्यर्थी अधिक जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।

फार्मासिस्ट भर्ती के प्रवेश पत्र जारी

आयोग ने फार्मासिस्ट (भेषजिक) के 564 पदों पर चल रही भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। यह लिखित परीक्षा 29 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तीन जिलों में आयोजित की जाएगी।

परीक्षा नियंत्रक सुभाष प्रजापति के अनुसार परीक्षा केंद्रों की जानकारी पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है। अभ्यर्थी निर्धारित शुल्क जमा कर आयोग की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके साथ ही फार्मासिस्ट (आयुर्वेदिक) के 1002 पदों के लिए पाठ्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।

बीसीजी तकनीशियन और अन्य परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जारी

बीसीजी तकनीशियन के 255 पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए भी प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। यह परीक्षा 30 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लखनऊ में आयोजित होगी।

आयोग ने बताया कि परीक्षा केंद्र की जानकारी पहले ही दी जा चुकी है। अभ्यर्थी शुल्क जमा कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

इसके अलावा 29 जून को लखनऊ में होने वाली उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 93 पदों की भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। उम्मीदवार इन्हें आयोग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों से डाउनलोड कर सकते हैं।