यूपी: प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष सनातन संस्कृति को बदनाम करने की साजिश कर रहा है। मुजेहरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अयोध्या और धार्मिक स्थलों को लेकर लगातार गलत नैरेटिव तैयार किया जा रहा है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि बावरी मस्जिद के नाम पर जो भी फंड जुटाया गया, उसकी पारदर्शिता पर सवाल उठने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या कभी किसी ने यह जानने की कोशिश की कि यह पैसा कहां से आया और कहां खर्च किया गया। उनके अनुसार विपक्ष तुष्टीकरण की राजनीति के तहत ऐसे मुद्दों को नजरअंदाज करता रहा है।

ब्रजेश पाठक ने आगे कहा कि मदरसों के संचालन और उनकी फंडिंग को लेकर भी गंभीर सवाल हैं। उन्होंने दावा किया कि कई बार टेरर फंडिंग जैसी गतिविधियों को लेकर चर्चा होती रही है, लेकिन विपक्ष इस पर कभी स्पष्ट रुख नहीं अपनाता। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कभी इन मुद्दों पर सवाल नहीं उठाए।

उन्होंने संभल क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि वहां मंदिर से जुड़ी संपत्ति को लेकर भी विवाद सामने आया है, लेकिन इस पर भी विपक्ष चुप रहा। डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और अयोध्या मामले में भी कानून के तहत कार्रवाई जारी है।

विंध्याचल दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विंध्याचल धाम में विकास कार्यों के चलते श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है और लोग आसानी से मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर पा रहे हैं।

इससे पहले उनका हेलीकॉप्टर मुजेहरा में उतरा, जहां से वे सड़क मार्ग से विंध्याचल पहुंचे। बाद में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और प्रबुद्धजनों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य और भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज समेत कई नेता मौजूद रहे।