उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने गायक बादशाह के विवादित गाने ‘टटीरी’ को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर प्रदेश में होने वाले गायक के किसी भी कार्यक्रम या कंसर्ट को अनुमति न देने का अनुरोध किया है।
महिला आयोग का कहना है कि ‘टटीरी’ गाने में महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा और दृश्य दिखाए गए हैं। गीत में स्कूल यूनिफॉर्म में छात्राओं को अनुचित तरीके से प्रस्तुत किया गया है और विद्यालय जैसे पवित्र स्थान का भी अपमान किया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया कि इससे महिलाओं की गरिमा और सामाजिक मूल्यों को नुकसान पहुंचता है।
उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए जाएं ताकि गायक बादशाह के किसी भी कार्यक्रम को अनुमति न दी जाए और समाज में गलत संदेश न फैले।